Saturday, December 23, 2017

अवार्ड

सहारनपुर, 23 दिसम्बर
पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने, पर्यावरण सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए कार्य करने एवं सामाजिक क्षेत्र में विशेष सेवा के लिए सहारनपुर में तैनात वाणिज्य कर/राज्य जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सुनील सत्यम को इसड़ा राष्ट्रीय ग्रीन अवार्ड 2017 के लिए चुना गया है। यह खबर मिलने पर सुनील सत्यम के परिवार एवं समर्थकों में हर्ष व्याप्त हो गया है। कई साथी अधिकारियों ने मिलकर इस उपलब्धि के लिए सुनील सत्यम को व्यक्तिगत रूप से बधाई दी है।शहर एवं जिले के कई सामाजिक संगठनों ने भी इस उपलब्धि के लिए सुनील सत्यम को बधाई दी है।
सुनील सत्यम को 28 दिसम्बर को दिल्ली के मावलंकर हॉल में  पर्यावरण संरक्षण पर होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में इसड़ा नेशनल ग्रीन अवार्ड 2017 से सम्मानित किया जाएगा।
इसड़ा पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाला विश्वविख्यात संगठन है।
इसड़ा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ जितेंद्र ने सुनील सत्यम को ईमेल के द्वारा इसड़ा के इस निर्णय के विषय में अवगत कराते हुए 28 दिसम्बर को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में उपस्थित होकर इसड़ा ग्रीन अवार्ड 2017, प्राप्त करने एवं ग्रामीण तालाबों के संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया है।
सुनील सत्यम छात्र जीवन से ही पर्यावरण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में बेहद सक्रिय है।सरकारी सेवा में रहते हुए भी उनकी सक्रियता एवं समाज सेवा कार्यों की हमेशा चर्चा होती है।सुनील सत्यम ने वर्ष 2002 में दिल्ली में पर्यावरण एवं पशु पक्षियों के संरक्षण के लिए फिएप नामक संस्था की शुरुआत की थी। फिएप ने देश के अलग अलग हिस्सों में पर्यावरण जागरूकता एवं पशु क्रूरता निवारण के प्रति अनेक राष्ट्रीय सम्मेलनों का आयोजन किया हैं।पर्यावरण जागरूकता पर देश के अलग अलग समाचार पत्रों में सुनील सत्यम के अनेक लेख भी प्रकाशित हो चुके हैं।
इस समय भी सुनील सत्यम महिला उच्च शिक्षा आंदोलन से जुड़े है जिसके तहत उनके पैतृक गांव हथछोया में प्रेमकुल मिशन ट्रस्ट द्वारा महिलाओं के लिए देवस्थली विद्यापीठ नाम से डिग्री कालेज की स्थापना की जा रही है।हथछोया के आसपास लगभग  20 किलोमीटर के दायरे कोई महिला महाविद्यालय न होने के कारण उनकी शिक्षा पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है।
जीएसटी एक्ट के लागू होने पर भी सुनील सत्यम को जीएसटी का नोडल अधिकारी तथा जीएसटी हेल्पडेस्क का सहारनपुर जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। सुनील सत्यम ने बताया कि 28 दिसम्बर को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पर्यावरण सम्मेलन में शामिल होकर व्याख्यान देने एवं पुरस्कार ग्रहण करने के लिए उन्होंने उच्चाधिकारियों को मेल करके अनुमति मांगी है।अनुमति मिलने पर वह पुरस्कार ग्रहण करने दिल्ली जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयनित होने पर वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।इस पुरस्कार से उनके पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को न केवल मान्यता मिली है वरन इससे भविष्य में और ज्यादा कार्य करने की ऊर्जा भी प्राप्त हुई है।
         वरिष्ठ भाजपा नेता रामपाल पुंडीर, दिनेश सेठी, राजीव चौधरी, अभाविप के विभाग संगठन मंत्री राजेन्द्र राष्ट्रवादी, विहिप के जिला प्रचार प्रमुख सचिन गुर्जर,राष्ट्रीय युवा गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय महासचिव लोकेश तंवर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सदस्य लोकेश सलारपुर एवं पत्रकार बलबीर तोमर ने सुनील सत्यम को मिलकर बधाई दी है।

No comments: